तिरंगा मास्क पहन स्कूल जायेंगे अरूणाचल के बच्चे

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 लॉकडाउन के बाद पहली बार अपने स्कूल जाते समय हजारों स्कूली बच्चे तिरंगे वाले खादी के फेस मास्क पहनेंगे। खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने स्कूली बच्चों के लिए 60,000 उच्च गुणवत्ता वाले खादी कॉटन फेस मास्क की आपूर्ति की है क्योंकि अरुणाचल प्रदेश सरकार ने 16 नवंबर से स्कूलों को फिर से खोलने का फैसला किया है।
यह खरीद आदेश बहुत महत्व रखता है क्योंकि यह पहली बार है जब पूर्वोत्तर भारत के एक राज्य सरकार ने इतनी बड़ी मात्रा में अपने छात्रों के लिए खादी फेस मास्क की खरीद की है। खरीद आदेश तीन नवंबर को जारी किया गया था और केवीआईसी ने केवल 6 दिनों में सरकार को तत्काल आवश्यक मास्क की आपूर्ति की है। मास्क का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के लिए, केवीआईसी ने विमान से खेप भेजी है। केवीआईसी ने मास्क में उपयुक्त जगह पर अपने लोगो के साथ अरुणाचल प्रदेश सरकार को डबल लेयर्ड, तिरंगा वाला कॉटन का फेस मास्क मुहैया कराया है। तिरंगे में बनाए गए फेस मॉस्क का उद्देश्य छात्रों में राष्ट्रवाद की भावना को भी जगाना है। केवीआईसी ने इन मास्क के निर्माण के लिए विशेष रूप से डबल ट्विस्टेड खादी कपड़े का उपयोग किया है क्योंकि यह अंदर में 70 प्रतिशत नमी बनाए रखने में मदद करता है। साथ ही इसमें हवा भी आसानी से जा सकती है। इसलिए, ये मास्क त्वचा के अनुकूल और लंबी अवधि के उपयोग के लिए उपयुक्त हैं। खादी कॉटन फेस मास्क धोने योग्य, फिर से उपयोग और बायोडिग्रेडेबल हैं।