बिहार सरकार को लेकर बैठक: तय होगा स्वरूप

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के परिणाम सामने आने के बाद सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी को लेकर आज पटना में मुख्यमंत्री आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत बिहार एनडीए के प्रमुख नेता शामिल होंगे। मीटिंग में बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल युनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुना जा सकता है। एनडीए की आज होने वाली अहम बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर औपचारिक ऐलान हो सकता है। बिहार की नई सरकार में जदयू से मुख्यमंत्री नीतीश के अलावा 12 मंत्री बनने की उम्मीद है। जदयू के कुल 43 विधायक चुने गए हैं। मंत्री परिषद में जीतकर आए मौजूदा मंत्रियों के बरकरार रहने की अधिक संभावना है। 12 मंत्रियों में दो महिलाओं को रखा जा सकता है। इनमें बीमा भारती और धमदाहा की विधायक लेसी सिंह हो सकती हैं।