बिहार विस के अध्यक्ष बन सकते हैं नंद किशोर

पटना। बिहार में आज नीतीश कुमार सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। इसबार नीतीश कुमार का कैबिनेट बदला-बदला नजर आ सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस सरकार में विधानसभा अध्यक्ष बीजेपी से बोने की संभावना है। इस रेस में नीतीश कैबिनेट में मंत्री रहे और वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकिशोर यादव का नाम सबसे आगे चल रहा है।आपको बता दें कि बिहार में जब-जब नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी है, तब-तब विधानसभा अध्यक्ष जेडीयू के कोटे से ही कोई न कोई बना है। बीते विधानसभा सत्र में अध्यक्ष रहे विजय चौधरी के नई सरकार मंत्री बनने की संभावना है। आपको बता दें कि रविवार को एनडीए की एक बैठक हुई थी, जहां मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के नाम पर मुहर लगी। इस बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, बिहार बीजेपी प्रभारी भूपेंद्र यादव, हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतनराम मांझी, वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी सहित एनडीए के कई नेता शामिल हुए थे। एनडीए ने हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में 125 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। जनता दल (युनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार ने बिहार के राज्यपाल फगू चौहान से मिलकर एनडीए सरकार बनाने का दावा पेश किए। आज राजभवन में साढ़े चार बजे के करीब नीतीश कुमार अपनी कैबिनेट के कुछ मंत्रियों के साथ शपथ लेने जा रहे हैं।