सोनिया दिल्ली से बाहर: डाक्टरों की सलाह

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी के साथ गोवा पहुंच चुकी हैं। आपको बता दें कि डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के चलते दिल्ली से दूर रहने की सलाह दी थी। सोनिया गांधी काफी समय से सीने से संबंधित बीमारी से परेशान हैं। अब दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। ऐसे में डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली की प्रदूषित हवा से दूर रहने की सलाह दी थी। इसी सलाह के अनुसार, अब वह कुछ दिनों के लिए गोवा में रहेंगी। उनके साथ उनके बेटे राहुल गांधी भी गोवा गए हैं। बीते अगस्त के महीने में सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती भी थीं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह डॉक्टरों की निगरानी में थीं। उनके सीने में लगातार संक्रमण के बने रहने से डॉक्टर काफी चिंतित थे। इसी वजह से उन्होंने सोनिया को दिल्ली की आबोहवा से दूर रहने को कहा था। दिल्ली में वायु प्रदूषण की मौजूदा स्थिति उनकी सेहत के लिए प्रतिकूल है।