पटेल के निधन पर प्रेसीडेंट, पीएम ने जताया शोक

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य नेताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि पटेल कांग्रेस के एक मजबूत स्तंभ थे और उनका पूरा जीवन पार्टी के लिए समर्पित रहा।अहमद पटेल का बुधवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे।राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन की सूचना से व्यथित हूं। वह एक दक्ष सांसद थे जिनके पास रणनीतिक कौशल के साथ-साथ जन नेता का आकर्षण था। उनका सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व ही था जिसकी वजह से हर राजनीतिक दल में उनके मित्र थे। उनके परिजनों और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’ पटेल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उप राष्ट्रपति नायडू ने कहा, ‘‘राज्य सभा के सदस्य श्री अहमद पटेल जी के निधन का समाचार पा कर स्तब्ध हूं। वरिष्ठ सांसद श्री पटेल अपने संसदीय अनुभव, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण संबंधों के लिए जाने जाते थे। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को शांति तथा उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करें।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा।उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अहमद पटेल जी के निधन से व्यथित हूं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में एक लंबा समय बिताया और जन सेवा की। तेज दिमाग के लिए अपनी विशेष पहचान रखने वाले पटेल ने कांग्रेस को मजबूत बनाने में जो भूमिका निभाई उसे हमेशा याद रखा जाएगा। उनके पुत्र फैसल से बात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट की। अहमद भाई की आत्मा को शांति मिले।’’ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक शोक संदेश में कहा, ‘‘अहमद पटेल जी के असामयिक निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। वह कांग्रेस के सबसे विश्वसनीय नेताओं में से एक और मेरे बेहतरीन दोस्त थे। उनका जाना कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि पटेल एक ऐसे कामरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र थे जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता।उन्होंने एक शोक संदेश में कहा, ‘‘श्री अहमद पटेल के जाने से मैंने एक ऐसा सहयोगी खो दिया है जिनका पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी को समर्पित था। उनकी निष्ठा और समर्पण, अपने कर्तव्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, मदद के लिए हमेशा मौजूद रहना और उनकी शालीनता कुछ ऐसी खूबियां थीं, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती थीं।’’कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैंने ऐसा कामरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र खो दिया जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता। मैं उनके निधन पर शोक प्रकट करती हूं और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती हूं।’’ राहुल गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर दुख प्रकट करते हुए बुधवार को कहा कि पटेल एक ऐसे स्तंभ थे जो सबसे मुश्किल दौर में भी पार्टी के साथ खड़े रहे।पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने दुख जताते हुए कहा कि पटेल की कांग्रेस के प्रति प्रतिबद्धता और सेवा असीमित थी।