यूपी में अब बरपेगा कोहरे का कहर

लखनऊ। प्रदेश में अब कोहरे और धुंध का सिलसिला शुरू होगा। पूर्वी यूपी में सुबह व रात में कोहरे का प्रकोप शुरू भी हो गया है। बीते चौबीस घण्टों के दौरान पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई जिससे वहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई।मेरठ, आगरा, झांसी, गोरखपुर, कानपुर, बरेली, मुरादाबाद मण्डलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से कम रहा। राज्य में सबसे अधिक दिन का तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस प्रयागराज में दर्ज किया गया।
गोरखपुर, प्रयागराज मण्डलों में रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। मुरादाबाद मण्डल में रात के तापमान में गिरावट आई। गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, मेरठ मण्डलों में रात का तापमान सामान्य से कम रहा। इस अवधि में सबसे कम रात का तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस बांदा में दर्ज हुआ।