ड्रोन और पिंजड़े लगाए: तेंदुआ फिर भी पकड़ से बाहर

श्यामल मुखर्जी/दिनेश शर्मा, गाजियाबाद। प्रशासन की टीम लगातार सर्च अभियान चलाने के बावजूद अभी तक तेंदुए का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। अब ड्रोन का सहयोग लिया जा रहा है साथ ही जगह-जगह पिंजड़े लगाए गए हैं। वही इंग्राम इंस्टीट्यूट के आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मंगलवार को राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र से शहर में तेंदुए ने प्रवेश किया था इसके बाद इंग्राम इंस्टीट्यूट के आसपास के जंगलों में घुस गया। बुधवार रात उसने खोजबीन में जुटी टीम पर हमला भी किया जिसके बाद वह फिर जंगल में घुस गया। वन विभाग और पुलिस कर्मियों की टीम 24 घंटे उसकी तलाश कर रही है लेकिन अभी तक सुराग नहीं मिल सका है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से उसे खोजने का अभियान शुरू किया। देर रात तक तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल सका। उसे पकडऩे के लिए 12 टीमें लगाई गई हैं। इसके साथ ही राजनगर में अलग-अलग स्थानों पर 10 पिंजरे लगाकर उन में मांस रखा गया है। पिछले 4 दिनों से भूखे तेंदुए को अब खाने का लालच देकर पकडऩे की रणनीति बनाई गई है। इंग्राम इंस्टीट्यूट के आसपास और यहां की सीमा पर लगने वाले गांवों में दहशत का माहौल है। यहां लगातार तरह तरह की अफवाह उड़ रही है। अफवाह उडऩे से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। किसानों ने खेत की तरफ जाना छोड़ दिया है। ग्रामीण डर के कारण घरों के अंदर ही दुबक गए हैं। पिछले 2 दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में साफ कहा है कि इस तरह की फर्जी वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।