गांधी मैदान के गेट पर आरजेडी का धरना

पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने केंद्र के नए कृषि कानूनों को किसान विरोधी बताते हुए आंदोलन का ऐलान किया है। तेजस्वी की अगुवाई में महागठबंधन के नेता आज गांधी मैदान के बाहर गेट नंबर चार पर धरने पर बैठे हैं। तेजस्वी ने गांधी मैदान में गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना देने का आह्वान किया था लेकिन प्रशासन की ओर से इसकी अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद आरजेडी कार्यकर्ता गेट पर ही धरने पर बैठ गए।
तेजस्वी यादव ने आरोप जड़ा कि केंद्र के किसान और मजदूर विरोधी फैसलों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सहभागी हैं। केंद्र सरकार आज जो बातचीत कर रही है, वह कानून बनाने से पहले होनी चाहिए थी। उन्होंने राज्य के सभी किसानों और संगठनों से बिल के खिलाफ सडक़ों पर उतरने की अपील की। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार कृषि क्षेत्र को भी प्राइवेट कंपनियों को देने की साजिश रच दी है।