मंत्री के बोल: अपराधी होते हैं कुत्ते

प्रयागराज। योगी सरकार में मंत्री नन्द गोपाल नन्दी ने भदोही में व्यापारियों के सम्मेलन में पत्रकारों के एक सवाल पर कहा कि अपराधी कुत्ते की तरह होता है। आप भागेंगे तो दौड़ाएगा। नन्दी का यह बयान बाहुबली विधायक विजय मिश्रा पर कमेंट माना जा रहा है। बता दें कि मंत्री नन्दी पर जानलेवा हमले का आरोप विधायक विजय मिश्रा पर है। विधायक पर कई रंगदारी मांगने के मामले भी चल रहे हैं। पड़ोसी की शिकायत पर इस समय विधायक विजय मिश्रा आगरा जेल में बंंद हैं।
रविवार को नन्दी गोपीगंज नगर स्थित बाबा बड़े शिव मंदिर में व्यापारियों के सम्मेलन में पहुंचे थे। व्यापारियों ने उनका सम्मान किया। सम्मान समारोह के बाद उन्होंने कई मुद्दों पर बात की। इसी दौरान व्यापारियों से कहा कि अपराधी से डरना नहीं चाहिए। अपराधी कुत्ता के समान होता है। आप भागेंगे तो दौड़ायेगा। आप रुक जाएंगे तो पास आकर सूंघेगा, दुम हिलाएगा। इसलिए अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं है। विजय मिश्रा को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में नन्दी ने कहा कि उन्हें किसी से डर नहीं लगता। कहा कि डर केवल भगवान से लगता है। इसी के बाद कैबिनेट मंत्री नन्दी ने कुत्ते वाली बात कही। वाराणसी में एमएलसी चुनाव में बीजेपी प्रत्याशियों के हारने और सपा की जीत पर नन्दी ने कहा कि लोकतंत्र में जीत हार लगी रहती है। हमारे कार्यकर्ताओं ने मेहनत की। हार की समीक्षा हम लोग करेंगे।