वंडर ब्वाय कौटिल्य बनेगा चाणक्य: कलाम भी हुए थे कायल

New Delhi : Former President APJ Abdul Kalam with super kid Kautilya Pandit at his residence in New Delhi on Friday. PTI Photo by Vijay Verma(PTI7_18_2014_000082B)

मुम्बई। गूगल ब्वाय कौटिल्य पंडित ने अपनी प्रतिभा से मायानगरी को भी कायल कर दिया है। कौन बनेगा करोड़पति के फ्लोर पर महानायक अमिताभ बच्चन के साथ थिरक चुका यह विलक्षण बालक अब ‘चाणक्य की भूमिका में नजर आयेगा।
जी टीवी के लिये बनने जा रहे ‘चाणक्य सीरियल का मुम्बई में पायलट शूट कर लिया गया है और कौटिल्य के अभिभावकों द्वारा फाइनल कांट्रेक्ट साइन करने के साथ ही इसकी शूटिंग भी शुरू हो जायेगी। हाल ही में अपनी अदा से मुम्बइया कलाकारों को मंत्रमुग्ध करके लौटे कौटिल्य ने शूटिंग के दौरान बिना रीटेक के जब संस्कृत मिश्रित गूढ़ हिंदी में चाणक्य के लम्बे-लम्बे डायलॉग बोले तो सेट पर मौजूद 300 लोगों की भीड़ और सहयोगी कलाकारों ने वाह-वाह के बीच खूब तालियां बजाईं। सीरियल निर्माताओं ने 7 साल के कौटिल्य के साथ एक साल की शूटिंग का अनुबंध भी तैयार कर लिया है।
कौटिल्य 15 अगस्त के दिन ब्रिटेन में होगा। वहां उसे एक सार्वजनिक समारोह में भारत गौरव अवार्ड से नवाजा जायेगा। यह अवार्ड हाउस आफ कामंस में एनआरआइज की ओर से हर साल दुनियाभर के 21 भारतीयों को दिया जाता है।
पूर्व राष्ट्रपति डाक्टर अब्दुल कलाम की मौत की खबर सुनकर कौटिल्य भावुक हो गया था। उसे याद है कि जब वह डाक्टर अब्दुल कलाम से मिलने पहुंचा तो उन्होंने उसे दुलारते हुए उसकी चोटी को सहलाया था। कौटिल्य कहता है- देश को कलाम जी की बहुत जरूरत थी, उन्हें दुनिया से अभी नहीं जाना चाहिये था। पंचकूला के भवन विद्यालय में चौथी कक्षा का छात्र कौटिल्य स्कूल से घर आकर अब जब कभी चोटी को सहलाकर चाणक्य के डायलॉग बोलता है तो देखने वाले दंग रह जाते हैं। सीरियल की शूटिंग मुम्बई में होनी है। निर्माताओं ने कहा है कि कौटिल्य को माह में 20 दिन शूटिंग करनी होगी, लेकिन परिवार का आग्रह है कि अनुबंध में संशोधन कर उसे 15 दिन किया जाये और एक दिन में 8 घंटे से ज्यादा शूटिंग न हो ताकि कौटिल्य साथ-साथ अपनी शिक्षा भी पूरी कर सके।