सिद्धू वाणी: तख्त गिराए जाएंगे, ताज उछाले जाएंगे

नई दिल्ली। दिल्ली से सटी सीमा पर पिछले कई दिनों से जारी किसान आंदोलन खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। किसान केंद्र सरकार से जहां तीनों कानून को वापस लेने की मांग कर रहे हैं तो वहीं, सरकार उनमें संशोधन करने की बात कह रही है। इस बीच, आंदोलन कर रहे किसानों को देशभर से समर्थन मिल रहा है। पंजाब के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने नज्म सुनाकर किसानों का समर्थन किया है। दरअसल, उन्होंने जो नज़्म सुनाई है, वह मशहूर शायर फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की है।
किसानों से जुड़े एक वीडियो को ट्वीट करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि अब डेरे दिल्ली में डाले जाएंगे। तख्त गिराए जाएंगे, ताज उछाले जाएंगे। वीडियो में सिद्धू कह रहे हैं, ‘दूध को भ_ी पर रखो तो दूध का उबलना निश्चित है और किसान में आक्रोश जगा दो तो सरकारों का तख्त-ओ-ताज उछलना निश्चित है। दरबार-ए-वतन में जब एक दिन सब जाने वाले जाएंगे, कुछ अपनी कज़ा (मौत) को पहुंचेंगे, कुछ अपनी सज़ा को पाएंगे। ऐ खाक नशीनों उठ बैठो, अब वक्त कहां आ बैठा है। जब तख्त गिराए जाएंगे और ताज उछाले जाएंगे। बढ़ते चलो, चलते भी चलो। बाजू भी बहुत है और सिर भी बहुत। चलते चलो, अब डेरे दिल्ली में डाले जाएंगे। तख्त गिराए जाएंगे, ताज उछाले जाएंगे।”