दिल्ली विस में हंगामा: कृषि कानून की कॉपी फाड़ी

नई दिल्ली। दिल्ली की सीमाओं पर केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। कानूनों का विरोध करते हुए दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक महेंद्र गोयल ने गुरुवार को कृषि कानूनों की कॉपी फाड़ दी। वहीं, दिल्ली के एक अन्य आम आदमी पार्टी विधायक संजीव झा ने कहा कि आज देखेंगे कि दिल्ली पृथ्वीराज चौहान के साथ है या फिर जयचंदों के साथ है। मालूम हो कि दिल्ली सरकार ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम में हुए कथित घोटाले को लेकर एक दिन का विशेष सत्र बुलाया है।
दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी विधानसभा पहुंचे। वहीं, विधानसभा में आम आदमी पार्टी के विधायक महेंद्र गोयल ने कहा कि कृषि बिल को निरस्त कर फाडक़र फेंक देना चाहिए। इसी दौरान, उन्होंने दिल्ली विधानसभा में केंद्रीय कृषि कानूनों की प्रति को फाड़ दिया। विधानसभा सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि ये बहुत खतरनाक कानून हैं। इसके जरिए से किसानों से किसानी छिनी जा रही है। उन्होंने कहा, ”आप कानून थोप रहे हैं। आखिर सरकार की कौन सी मजबूरी थी कि कोरोना के समय मे ऑर्डिनेंस लाकर बिला पास करना पड़ा। आज जरूरत पड़ेगी सरकार को तो संविधान को ताक पर रखकर आपके कानूनी अधिकार को छीन लिया जायेगा।”