बढ़ेगा सर्दी का सितम: गिरेगा पारा

नई दिल्ली। देश में सर्दी का सितम अभी और बढऩे वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान भारत के मध्य भागों में तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है और इसी अवधि के दौरान पूर्वी भारत में तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहेगा। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के भागों में 10-20 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना भी जताई है।जानकारी के अनुसार, दिल्ली और उत्तर भारत में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर इस सीजन में सबसे कम 3.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शहर के मौसम से संबंधित आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।