अयोध्या मेें मस्जिद के निर्माण की तैयारी: डिजायन तय

अयोध्या। यूपी सुन्नी वक्फ बोर्ड को अयोध्या के धन्नीपुर गांव में प्रदेश सरकार द्वारा दी गयी पांच एकड़ जमीन पर मस्जिद के निर्माण की तैयारी शुरू हो गयी है। इस निर्माण के लिए सुन्नी वक्फ बोर्ड ने इण्डो इस्लामिक फाउण्डेशन के नाम से एक ट्रस्ट गठित किया है। लखनऊ के ट्रस्ट के दफ्तर में एक प्रेस कान्फ्रेंस में वरिष्ठ वास्तुविद और इस मस्जिद के डिजायनर प्रो.एस.एम.अख्तर ने मस्जिद का डिजायन सार्वजनिक किया। इस मस्जिद के साथ अस्पताल, प्रकाशनगृह व शोध केन्द्र आदि का भी निर्माण करवाया जाएगा। यह जानकारी ट्रस्ट के प्रवक्ता अतहर हुसैन ने दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इसका नाम बाबरी मस्जिद नहीं बल्कि धन्नीपुर मस्जिद होगा।
एक सवाल पर उन्होंने बताया कि मस्जिद, अस्पताल आदि का नक्शा अयोध्या जिला पंचायत में जमा होगा या अयोध्या विकास प्राधिकरण में ,इस बाबत वास्तुविद प्रो.अख्तर ही राय देंगे। इसी क्रम में चूंकि अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और उसमें लगने वाले उपकरण बाहर से मंगवाए जाएंगे इसलिए अभी इस पूरे निर्माण की लागत का आंकलन नहीं किया गया है।इस परियोजना के सलाहकार व क्यूरेटर जवाहर लाल नेहरू वि.वि.(जेएनयू) के प्रो.पुष्पेश पंत हैं। उन्होंने बताया कि इस मस्जिद, अस्पताल के साथ ही यहां अभिलेखागार व संग्रहालय भी बनेगा जिसमें भारतीय और इस्लामी संस्कृति की नायाब झलक मिलेगी।