प्रियंका संभाले कमान: आचार्य प्रमोद की मांग

लखनऊ। उप्र से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग उठ रही है। उप्र कांग्रेस के नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि यह सही समय है जब प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी का नेतृत्व संभालें। कांग्रेस को इससे बहुत लाभ होगा। प्रियंका गांधी ने 1999 में जिस तरह अमठी संसदीय क्षेत्र में एनडीए की पस्त कर कांग्रेस का झंडा बुलंद किया था। ठीक वैसे ही आने वाले दिनों में कांग्रेस मजबूत होगी। प्रमोद ने दावा किया है कि प्रियंका गांधी के नाम पर पार्टी के लगभग सभी वरिष्ठ नेता सहमत है। वे भी सहमत हैं जिन्होने पार्टी अध्यक्ष को पत्र लिखा था। आचार्य प्रमोद ने कहा कि यह सिर्फ उनकी अपनी मांग नही है। उप्र और देश भर के कार्यकर्ताओं की हार्दिक इच्छा है। कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी का आर्शीवाद और राहुल गांधी के साथ से प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस फिर से मजबूत होगी।
आचार्य प्रमोद, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के राजनीतिक सलाहकार भी है। उप्र की राजधानी लखनऊ से चुनाव लड़ चुके है। उन्होने कहा कि भाजपा के पास सशक्त नेतृत्व है। जिसका जवाब प्रियंका गांधी दे सकती है। कार्यकर्ता प्रियंका गांधी में इंदिरा गांधी की झलक देखते है। ऐसे समय में जब राहुल गांधी इस्तीफा देने के बाद दोबारा अध्यक्ष पद पर नही आना चाहते है, प्रियंका गांधी को आगे आना चाहिए। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह हुई कांग्रेस की बैठक में राहुल गांधी ने कहा था कि पार्टी जो जिम्मेदार देगी उसे मैं उठाउंगा। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा था, ‘कांग्रेस जल्दी ही एक नए पार्टी अध्यक्ष का चुनाव करने की प्रक्रिया शुरू करेगी।’कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उप्र की प्रभारी है। प्रदेश कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए संगठन का ढ़ांचा और बूथ कमेटी तैयार करने में जुटी है।