यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे बनेंगे स्मार्ट शहर

ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण एक्सप्रेसवे के किनारे तीन स्मार्ट शहर बसाए जाएंगे। इसके लिए विस्तृत योजना तैयार करवाई जा रही है। प्रत्येक शहर में पांच-पांच लाख लोगों के रहने के इंतजाम किए जाएंगे। ये शहर बिजली, पानी और सीवर सफाई के मामले में आत्मनिर्भर होंगे। यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और इंटरनेट कनेक्टिविटी के मामले में अंतर्राष्ट्रीय मानक उपयोग किए जाएंगे।
यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक अब विकास प्राधिकरण गौतमबुद्ध नगर से आगे अलीगढ़, आगरा और मथुरा में अपनी विकास योजनाएं लेकर जाना चाहता है। इस योजना को दो हिस्सों में लागू किया जाएगा। दोनों योजनाएं सामान्य रूप से काम करेंगी। एक हिस्से में अलीगढ़, आगरा और मथुरा में आवासीय सुविधाओं का विकास किया जाएगा। समांतर रूप से औद्योगिक विकास भी किया जाएगा। प्राधिकरण चाहता है कि जिन उद्योगों को वहां भूमि आवंटन किया जाए, उन्हें आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मिलती रहें। इसके लिए मथुरा के राया क्षेत्र में न्यू वृंदावन नाम से शहर बसाया जाएगा। अलीगढ़ में टप्पल के पास और आगरा में तीसरा नया शहर विकसित होगा। इन तीनों शहरों में पांच-पांच लाख जनसंख्या के लिए मूलभूत सुविधाओं और आधारभूत ढांचे का विकास होगा। यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह का कहना है कि पहले चरण में मथुरा जिले में नया वृंदावन शहर बसाने की योजना पर काम शुरू किया गया है, टप्पल में औद्योगिक गतिविधियां पहले शुरू की जाएंगी। ये तीनों शहर अत्याधुनिक होंगे और पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।