खट्टर के कार्यक्रम का विरोध : किसानों और पुलिस के बीच भिड़ंत

करनाल। हरियाणा के करनाल में प्रदर्शनकारी किसानों और पुलिस के बीच भिड़ंत के बीच मचे बवाल के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का किसान महापंचायत कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यक्रम का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े हैं। मुख्यमंत्री के जहां लैंड करने वाले थे, उसके हेलीपैड को नुकसान पहुंचाया गया, कार्यक्रम स्थल पर तोडफ़ोड़ की भी सूचना है। दरअसल, करनाल जिले के कैमला गांव में मनोहर लाल खट्टर किसान महापंचायत को संबोधित करने वाले थे, जहां कृषि कानूनों का फायदा बताने के लिए भाजपा ने आयोजित करवाया था, उसके विरोध के लिए किसान गांव की ओर कूच कर रहे थे, तभी पुलिस ने यह कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ही प्रदर्शनकारी किसानों और पुलिस में भिड़ंत हो गई।