दिल्ली में जारी रहेगा कोहरे का कहर

नई दिल्ली। दिल्ली में रविवार की सुबह घने कोहरे से साथ शुरू हुई। इसका असर रेल और हवाई सेवाओं पर दिखा। मौसम विभाग के मुताबिक 21 जनवरी तक कोहरा सताएगा, हालांकि तापमान बढऩे से लोगों को सर्दी से राहत मिलेगा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से दिल्ली में हवा की दिशा मुख्यत: पूर्व दिशा की तरफ से रहेगी। इसके चलते दिल्ली के तापमान में दो से तीन डिग्री तक का इजाफा हो सकता है। बता दें कि दिल्ली के लोगों के लिए पिछले पांच-छह दिन कड़ाके की सर्दियों वाले बीते हैं। लेकिन, अब कड़ाके की सर्दियों से खासी राहत मिलने वाली है। दरअसल, अभी तक राजधानी में आने वाली हवा उच्च हिमालयी क्षेत्र की तरफ से या फिर राजस्थान की तरफ आ रही थी। इन दोनों ही दिशाओं से आने वाली हवा वहां की ठंड अपने साथ लेकर आ रही थीं। लेकिन, सोमवार से हवा की दिशा बदलेगी और मुख्यत: पूर्वी हवाएं अपने साथ गर्मी लेकर आएंगी। इससे तापमान में इजाफा होगा। वहीं, 22 तारीख से एक पश्चिमी विक्षोभ का असर भी उत्तर भारत के मौसम पर दिखेगा। इसके प्रभाव से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। दिल्ली में भी हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इससे भी तापमान में इजाफा होगा। इन दोनों ही कारकों के चलते फिलहाल पहले जैसी कड़ाके की सर्दी अब लौटती हुई नहीं दिख रही है।