योगी सरकार: मंत्रिमंडल में होगा फेरबदल

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ड़ा का 22 से 24 जनवरी तक लखनऊ में रहने का कार्यक्रम है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वह प्रदेश मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार के मद्देनजऱ लखनऊ आ रहे हैं। यहां वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन कर विस्तार की औपचारिकताएं तय करेंगे। साथ ही पंचायत चुनाव व मिशन-2022 के मद्देनजऱ रणनीति बनाएंगे।
इसी बैठक में केंद्र सरकार के पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा को जिम्मेदारी दिए जाने पर भी फैसला होगा। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल होगा। कई मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। दरअसल, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व कई मंत्रियों के कामकाज से प्रसन्न नहीं है। वहीं कई विभागों में अधिकारियों की मनमानी और मंत्रियों की नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल उठते रहे हैं। संभावना है कि मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरे भी शामिल किए जा सकते हैं। यह मंत्रिमंडल विस्तार फरवरी में होने वाले बजट सत्र से पहले हो सकता है।