नड्डा बोले: बीजेपी छोड़ सभी दलों में परिवारवाद

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि देश में भाजपा को छोड़ कर सभी राजनीतिक दल परिवारवाद से ग्रस्त हैं। नड्डा ने लखनऊ जिले के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि देश की राष्ट्रीय पार्टियां हों या क्षेत्रीय पार्टी, सभी परिवारवाद से ग्रस्त हैं और वहां बेटों को पिता द्वारा राजनीति विरासत में दी जाती है।
उन्होंने कहा, ‘पूरे देश में नजर दौड़ा कर देखिए, सभी दल परिवारवाद के घेरे में है, सिर्फ भाजपा ही ऐसी पार्टी है जहां साधारण परिवार से आने वाला व्यक्ति भारत का प्रधानमंत्री बनकर देश की तकदीर बदल देता है। यहां सामान्य परिवार का बेटा रक्षा मंत्री बनता है, भारत के राष्ट्रपति बनते हैं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बनते हैं।’