दीदी का दांव: कोलकाता बने देश की राजधानी

कोलकाता। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा है कि देश की राजधानी सिर्फ दिल्ली ही क्यों है। उन्होंने कहा कि देश के चारों कोनों में चार राजधानी होनी चाहिए। ममता ने यह भी कहा कि संसद का सत्र सिर्फ दिल्ली में क्यों होता है, जबकि वहां तो ज्यादातर आउटसाइडर्स हैं। उन्होंने अपने सांसदों को यह मुद्दा संसद में उठाने का भी निर्देश दिया।
कोलकाता में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ”एक समय कोलकाता देश की राजधानी थी, तो एक बार फिर से शहर को भारत की दूसरी राजधानी के रूप में घोषित नहीं किया जाना चाहिए? कोलकाता को देश की दूसरी राजधानी बनानी ही होगी।” उन्होंने परोक्ष रूप से बीजेपी और केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि एक देश, एक नेता, एक राशन कार्ड और एक पार्टी के विचार को बदलने की जरूरत है।