गणतंत्र दिवस पर कुछ समय के लिए बंद रहेगी दिल्ली मेट्रो

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस परेड को देखते हुए दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मंगलवार यानी 26 जनवरी को दिल्ली मेट्रो की सेवाओं को आंशिक रूप से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर प्रवेश और निकास दोपहर 12 बजे तक के लिए बंद रहेगा। डीएमआरसी के मुताबिक, इस स्टेशन का इस्तेमाल उस समय लाइन 2 और लाइन 6 के यात्रियों के इंटरचेंज के लिए किया जाएगा। हुडा सिटी सेंटर-समईपुर बादली मेट्रो लाइन पर सेवाओं को 26 जनवरी को आंशिक रूप से रेगुलेट किया जाएगा। बयान के अनुसार, परेड खत्म होने तक उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन से प्रवेश बंद रहेगा। साथ ही पटेल चौक मेट्रो स्टेशन और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश सुबह 8:45 से 12 बजे तक बंद रहेगा। डीएमआरसी ने बयान में कहा कि 25 जनवरी को सुबह 6 बजे से दोपहर दो बजे तक के लिए सभी मेट्रो पार्किंग स्थल बंद रहेंगे। यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उठाया गया है।