अजमेर नगर निगम पर बीजेपी का कब्जा

जयपुर। राजस्थान में अजमेर नगर निगम के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज 47 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है जबकि सत्तारुढ़ कांग्रेस को सिर्फ 18 सीटों पर संतोष करना पड़ा हैं। अब तक प्राप्त परिणामों के अनुसार 80 वार्डों वाले अजमेर नगर निगम में भाजपा को 47 सीटें मिली हैं। कांग्रेस ने 18 तथा तेरह जगहों पर निर्दलीयों ने बाजी मारी हैं। इस चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) भी एक सीट हासिल करने में कामयाब रही हैं। वार्ड संख्या सात से रालोपा उम्मीदवार गीता ने जीत दर्ज की है। उल्लेखनीय है कि निगम की एक सीट पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुना गया हैं जबकि एक वार्ड में भाजपा प्रत्याशी के एक वोट के जीत का अंतर सामने आने से अभी वहां परिणाम जारी नहीं किया गया हैं।