प्रियंका की हुंकार: राक्षस रूपी है कृषि कानून

सहारनपुर। दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसानों के आंदोलन के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में किसानों की महापंचायत में शामिल हुईं। प्रियंका गांधी ने भारी भीड़ को संबोधित करते हुए किसानों से कहा कि आप एक कदम पीछे मत हटिये, हम आपके साथ हैं। जब तक कानून खत्म नहीं होगा, हम आपके लिए लड़ेंगे। प्रियंका ने कहा कि तीनों कृषि क़ानून राक्षस रूपी क़ानून हैं, जो किसानों को मारना चाहते हैं। यह क़ानून भाजपा के नेतृत्व के पूंजीपति मित्रों के लिए जमाखोरी के दरवाजे खोलेगा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर इस कानून को खत्म किया जाएगा। कांग्रेस किसानों को एमएसपी देगी और ऐसा कानून बनाया जाएगा, जिससे आपकी मदद हो। प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि उनकी बातों पर भरोसा नहीं रह गया है। चुनाव के समय मोदी ने कहा था कि गन्ना किसानों की समस्याएं हल करेंगे। किसानों का 15 हजार करोड़ बकाया ब्याज सहित देंगे। लेकिन नहीं दिया गया। कई साल निकल गए किसान बकाया के लिए तरसता रहा।