उत्तर प्रदेश में आज दो लाख लोगों को कोरोना का टीका

लखनऊ। वैक्सीनेशन के मामले में गुरुवार 11 फरवरी को यूपी एक और कीर्तिमान गढऩे की तैयारी में है। गुरुवार को प्रदेश के 200 टीकाकरण सत्रों में दो लाख से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। कल के टीकाकरण अभियान में हेल्थ केयर वर्कर्स के साथ फ्रंट लाइन वर्कर्स को भी टीके लगाए जाएंगे। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से यूपी में टीकाकरण के लिए निर्धारित दिन गुरुवार एवं शुक्रवार का यह दूसरा चरण होगा। बीते गुरुवार एवं शुक्रवार अर्थात 4-व 5 फरवरी को हुए टीकाकरण अभियान में पूरे प्रदेश में 2.45 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों व फ्रंट लाइन वर्कर का कोविड टीकाकरण किया गया था। गुरुवार 11 फरवरी को दो लाख से अधिक टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत देर शाम तक व्यापक तैयारियां की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह 4 और 5 फरवरी को दो दिवसीय टीकाकरण अभियान में कुल 2,352 टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया गया था।