नई दिल्ली। देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान रिकॉर्ड रफ्तार से जारी है। भारत ने सबसे कम समय में 70 लाख लोगों को टीका लगाने के मामले में दुनिया के सभी देशों को पीछे छोड़ दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि गुरुवार शाम सात बजे तक कुल 74,30,866 लोगों को टीका लग चुका है। 70 लाख का आंकड़ा पार करने में देश को केवल 26 दिन लगे जबकि अमेरिका और ब्रिटेन ने इससे ज्यादा समय में इतने लोगों का टीका लगाया। देश में 16 जनवरी को टीकाकरण शुरू हुआ था। टीकाकरण के 27वें दिन गुरुवार को 4,13,752 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसी के साथ देश में टीका लगवाने वालों की संख्या 74.3 लाख से अधिक हो गई। इसमें 57,90,832 स्वास्थ्यकर्मी और 16,40,034 अग्रिम पंक्ति के कर्मी शामिल हैं। अब तक सात राज्यों में लक्ष्य के मुकाबले केवल 40त्न को ही टीका लगा है, जबकि 13 राज्यों में तय लक्ष्य का 65 प्रतिशत से अधिक टीकाकरण हो चुका है।