प्रियंका होंगी यूपी में कांग्रेस का सीएम चेहरा

अमृतांशु मिश्र, लखनऊ। यूपी में कांग्रेस को फिर खड़ा करने के लिए जोरशोर से प्रियंका गांधी जुटी हैं। कांग्रेस के संगठन को चुस्त दुरूस्त करने के साथ ही पार्टी को फीनिक्स पक्षी की तरह फिर से जिंदा करने में लगीं प्रियंका को भी मिल रहे जनसमर्थन से लग रहा है कि कांग्रेस में जान अभी बाकी है। यूपी में कांग्रेस को ऑक्सीजन देने के महाअभियान में लगीं पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा होंगी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की किसान रैली में बेहद सक्रिय होने के साथ वह पार्टी को ‘सियासी भंवर’ से निकालने प्रयागराज के संगम तक भी पहुंचीं। वहां पर संगम में तीन डुबकी लगाने के साथ कांग्रेस को पार लगाने के लिए हिंदुत्व की नई पतवार थाम ली है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा इन दिनों उत्तर प्रदेश को मथने में लगी हैं। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन को धार देने के साथ दिल्ली बॉर्डर पर कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों की मौत के बाद उनके घर जाकर सहानुभूति भी लेने के प्रयास में हैं। इसी बीच वह अचानक ही प्रयागराज पहुंची और मौनी अमावस्या पर संगम में तीन डुबकी लगाने के साथ ही नाव की पतवार भी संभाल ली। प्रयागराज में संगम से अरैल घाट पर वापसी के दौरान नाव की पतवार संभालने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने का मन बना लिया है। जब से प्रियंका गांधी ने प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली है, वह हर मुद्दे पर नजर रखे हैं और सरकार से लगातार जूझ रही हैं। कांग्रेस के लोग बताते हैं कि प्रियंका गांधी वाड्रा विधानसभा चुनाव 2022 में उत्तर प्रदेश से कांग्रेस से मुख्यमंत्री का चेहरा होंगी। इसकी घोषणा संभवत: सितंबर-अक्टूबर में हो। उससे पहले प्रियंका यूपी की नेता, हिंदू नेता और आम नेता की छवि बनाना चाहती हैं। संगम में खुद नाव की पतवार संभालना और बीते दिनों रामपुर के रास्ते में खुद गाड़ी का शीशा पोंछने के पीछे वीआइपी छवि मिटाने की भी कोशिश है।