उत्तराखंड हादसा: 136 लोग अभी भी लापता

चमोली। उत्तराखंड मे चमोली जिले के रैणी-तपोवन क्षेत्र में आई आपदा को पूरे 15 दिन हो गए हैं। अब तक 68 शव और 28 मानव अंग मिल चुके हैं। जबकि 136 लोग अभी भी लापता हैं। इस आपदा में 13 गांवों के 465 परिवार प्रभावित हुए हैं। आपदा के इतने दिनों बाद अब जो शव मिल रहे हैं वो मलबे से पटे हैं। इस कारण इनकी पहचान करना बहुत मुश्किल हो रहा है। 7 फरवरी रविवार को रैणी-तपोवन में आपदा आई थी। आपदा की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम आपदा प्रभावित इलाकों में पहुंच गई थी। पर विधिवत तौर पर आपदा में लापता और मृतक हुए लोगों की खोजबीन दूसरे दिन से शुरू हुई। पहले एसडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना, पुलिस ने खोजबीन और राहत और बचाव का कार्य शुरू किया। इसके तुरन्त बाद एनडीआरएफ ने मोर्चा सम्भाल कर राहत बचाव और तपोवन टनल और बैराज में फंसे और ऋषि गंगा प्रोजेक्ट स्थल पर दबे लोगों की खोजबीन शुरू की। यह अभियान अभी भी जारी है। 21 फरवरी तक 68 लोगों के शव मिल गए हैं। इसके साथ ही 28 मानव अंग भी अलग अलग स्थानों से मिले हैं।