अमरावती में बढ़ा लॉकडाउन: 8 मार्च तक कड़ाई

डेस्क। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में 8 मार्च तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। इससे पहले जिले में 1 मार्च तक के लिए ही लॉकडाउन का फैसला लिया गया था। लेकिन कोरोना के मामले न थमने के चलते लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा अकोला, अकोट और मुरजितापुर में भी लॉकडाउन बढ़ाया गया है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि 5 और 6 मार्च को स्थिति की समीक्षा की जाएगी। उसके बाद भविष्य में लॉकडाउन लागू करने या न करने पर फैसला लिया जाएगा। कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देश भर में चिंताएं बढ़ा दी हैं। बीते 24 घंटे में 16 हजार से ज्यादा केस सामने आए हैं। ऐसा लगातार तीसरे दिन हुआ है, जब कोरोना के 16 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढक़र 11,079,979 हो गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए तय गाइडलाइंस को 31 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार सुबह बताया कि बीते 24 घंटे में देश भर में कोरोना संक्रमण के 16,488 नए केस सामने आए हैं। अमेरिका के बाद भारत ऐसा दूसरा देश है, जहां कोरोना के इतने अधिक मामले सामने आए हैं। इस बीच कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने भारत में चिंताएं बढ़ा दी हैं। खासतौर पर महाराष्ट्र कोरोना का केंद्र बनता दिख रहा है।