दबे पांव बढ़़ रहा है कोरोना: बढ़ रहे केस

नई दिल्ली। महाराष्ट्र और केरल समेत देश के छह राज्यों में कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रही है। रविवार को सामने आए कुल 18 हजार से अधिक नए मामलों से करीब 85 फीसद इन्हीं छह राज्यों में पाए गए। इन दो राज्यों के अलावा इनमें पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु भी शामिल हैं। 100 और मरीजों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या भी बढ़ी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 18,711 नए मामले मिले हैं। इनमें से सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 10,187, केरल में 2,791 और पंजाब में 1,159 नए मामले शामिल हैं। बाकी के तीन राज्यों में से प्रत्येक में लगभग पांच सौ नए केस मिले हैं। इस दौरान 100 लोगों की मौत हुई है, जिनमें महाराष्ट्र में 47, केरल में 16 और पंजाब में 12 मौतें शामिल हैं। मंत्रालय के मुताबिक देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 12 लाख 10 हजार को पार कर गया है। इनमें से अब तक एक करोड़ आठ लाख 68 हजार से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं और 1,57,756 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में महामारी से कोई मौत नहीं हुई है।