पंचायत चुनाव: कांग्रेस कर रही संजीवनी की तलाश

लखनऊ। कांग्रेस पंचायत चुनाव में संजीवनी तलाश रही है। कांग्रेस के लिए पंचायत चुनाव-2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव का पूर्वाभ्यास है। पार्टी हर सीट से प्रत्याशी उतार रही है और पूरे प्रदेश में अपनी उपस्थिति दर्ज करने की तैयारी है लेकिन चुनौतियां भी कम नहीं है। पार्टी ने जिलों से प्रत्याशियों की सूची मांग ली है। कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व ने पंचायत चुनाव में जीत के लिए जनता के बीच माहौल बनाने के निर्देश दिए हैं। पार्टी ने जनवरी में संगठन सृजन अभियान भी चलाया और हर न्याय पंचायत से 11 लोगों को जोड़ा भी। ब्लॉक अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण भी गोरखपुर में चल रहा है और उन्हें पार्टी की रणनीति-नीतियों के बारे में बताया जा रहा है। जिलों व ब्लॉक स्तर पर भी कई तरह की गतिविधियां चल रही हैं। पार्टी ने रणनीति तय की हैं कि गांव-गांव सरकार की गलत नीतियों के बारे में माहौल बनाना है और कांग्रेस के पक्ष में जनता को करना है। बीते दिनों पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने पश्चिमी यूपी में कई किसान महापंचायते कर सरकार को कृषि कानूनों पर घेरा है।