सिलेंडर फटा, छत ढही: तीन की मौत

जयपुर। राजस्थान के चित्तौडग़ढ़ जिले के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तडक़े एक मकान में रसोई गैस सिलेंडर में लगी आग के बाद हुए धमाके से मकान की छत ढह गई, जिससे दंपति सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गये। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए पीडि़त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
थानाधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि मीठाराम खेड़ा में एक मकान में रसोई गैस सिलेंडर में लगी आग के बाद हुए धमाके से मकान की छत ढह गई। जिससे घर के अंदर सो रहे परिवार के मुखिया पुरुषोत्तम भांभी (40), उनकी पत्नी जमुना बाई (38) और उनकी मां संजनी बाई (60) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में चार अन्य लोग घायल हो गये। घायलों में तीन पुरूषोत्तम भांभी के बच्चे हैं और एक रिश्तेदार है।उन्होंने बताया कि सभी गंभीर घायलों को उदयपुर रेफर किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिये गये हैं।मुख्यमंत्री गहलोत ने ट्वीट किया ‘मीठा रामजी का खेड़ा गांव(चित्तौडग़ढ़) में घर में हुए सिलेंडर विस्फोट से 3 व्यक्तियों की मृत्यु दुखद, दुर्भाग्यपूर्ण है।मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।’