कोरोना ने फिर पकड़ी रफ्तार: केस हुए 40 हजार के पार

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के कहर ने अपना पुराना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। कोरोना संक्रमण के मामले में देश शनिवार को करीब चार महीने पुरानी स्थिति में लौट गया है, जब हर दिन 40 हजार से अधिक नए केस दर्ज किए जाते थे। लंबे अंतराल के बाद भारत में बीते चौबीस घंटे में सर्वाधिक 40,953 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इससे पहले, शुक्रवार को यह आंकड़ा 39,726 था। वहीं, पिछले साल 29 नवंबर 2020 को 41810 नए संक्रमितों की पहचान की गई थी।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते चौबीस घंटे में कोरोना वायरस के 40,953 नए केस सामने आए हैं। वहीं इसी दौरान करीब 188 लोगों की मौतें हुई हैं। शुक्रवार को मौत का आंकड़ा 157 था। इस तरह से कोरोना वायरस से अब तक देश में 1,59,558 मौत हो चुकी है, वहीं कुल मामलों की संख्या 1,15,55,284 पहुंच गई है।