राहुल बोले: संसद में बोलने नहीं दिया जाता

डेस्क। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने असम के दिगबोई में शनिवार को चुनावी रैली करते हुए बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने सरकार पर आरोप लगाया कि उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया जाता है। राहुल गांधी ने कहा, ”बिना किसी चर्चा के कृषि कानून पास किए गए। वे हमें संसद में बोलने नहीं देते हैं। हालांकि, हम खड़े रहेंगे और आपका बचाव करते रहेंगे। एक भी कदम पीछे नहीं हटेंगे। मालूम हो कि केंद्र सरकार ने पिछले साल संसद के दोनों सदनों से तीन नए कृषि कानूनों को पारित किया था, जिसके बाद यह कानून बन गया। हालांकि, किसानों ने इन कानूनों का जमकर विरोध किया। पिछले तकरीबन चार महीनों से किसान कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हैं और कानूनों को रद्द करने व एमएसपी पर कानून बनाए जाने की मांग कर रहे हैं।