बांदा में डेरा डाल सकते हैं माफिया मुख्तार अंसारी के गुर्गों

बांदा। पंजाब की रोपड़ जेल से मुख्तार अंसारी को यूपी की बांदा जेल शिफ्ट किए जाने के बाद बांदा में अंसारी के गुर्गों के डेरा जमाने का शक है। इसे लेकर प्रशासन पूरे जिले में घर-घर किराएदारों का वैरिफिकेशन करने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, इसके पहले मुख्तार जब बांदा जेल में थे तो उनकी शान-ओ-शौकत के बारे में चर्चाएं आम थीं। पूर्व के रिकार्ड को देखते हुए यूपी सरकार इस बार मुख्तार को बांदा जेल में कोई छूट देने को तैयार नहीं है। इसी उद्देश्य से बांदा जेल के पुराने स्टॉफ को मुख्तार के सेल से अलग कर दिया गया है। इसके साथ ही शहर में भी मुख्तार के गुर्गों के डेरा जमाने का शक है। पहले दो सौ से ज्यादा गुर्गे शहर में घूमते थे। इस बार भी मुख्तार के बांदा पहुंचते ही फिर से ऐसी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस को सूचना है कि मुख्तार के कई गुर्गे शहर में एक बार फिर ठिकाना बना चुके हैं। मुख्तार के बांदा पहुंचने से पहले ही शहर में उसके कई गुर्गे आ चुके थे। हालांकि पुलिस पिछले कई दिनों से बांदा के होटलों की चेकिंग का अभियान चलाए हुए है। शहर में भी निगरानी रखी जा रही है।