इंडोनेशिया में भूस्खलन और बाढ़ से अब तक 140 की मौत

लेम्बाता। पूर्वी इंडोनेशिया में भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं में मरने वाले लोगों की संख्या बढक़र 140 तक पहुंच गई है, जबकि दर्जनों लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि संबंधित क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे खोज अभियान में भी बाधा आ रही है। अदोनारा द्वीप के ईस्ट फ्लोरेस जिले में सर्वाधिक जनहानि हुई है, जहां अब तक 67 शव बरामद हो चुके हैं और छह लोग लापता हैं। इस क्षेत्र में हुई घटना में रविवार सुबह पास की पहाडिय़ों से मलबा गिर पड़ा जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। हादसे के समय ये लोग सोए हुए थे। रातभर हुई बारिश के चलते नदियों के तट टूट गए और अचानक आई बाढ़ में कई लोग बह गए। इंडानेशिया की राष्ट्रीय आपदा मोचन इकाई के अनुसार, पास के लेम्बाता द्वीप पर चक्रवात ‘सेरोजा’ के चलते हुई बारिश के कारण नवंबर में फटे एक ज्वालामुखी के लावा के प्रवाह में तेजी आ गई और इसकी चपेट में एक दर्जन से अधिक गांव आ गए। इस घटना में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य के बारे में कोई जानकारी नहीं है।