नरसिंहानंद-रिजवी के खिलाफ बरेली में उमड़ी भीड़

बरेली। गाजियाबाद के महंत नरसिंहानंद सरस्वती और शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी के खिलाफ शुक्रवार को बरेली की सडक़ों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। जुमा नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग विभिन्न मस्जिदों से सीधा इस्लामियां ग्राउंड को कूच करते हुए पहुंच गए। महंत के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। हाथों में तख्तियां लेकर भीड़ ने महंत की गिरफ्तारी की मांग की। जमात रजा मुस्तफा की अगुवाई में पहला ऐसा प्रदर्शन हुआ, जिसमें उम्मीद से ज्यादा भीड़ जुटी है।
जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान हसन खां कादरी ने कहा कि पैगंबरे इस्लाम की शान में महंत नरसिंहानंद ने गुस्ताखी की है। करोड़ों मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया है। मुसलमान सब कुछ बर्दाश्त कर सकता है लेकिन पैगंबरे इस्लाम की शान में गुस्ताखी बर्दाश्त नहीं कर सकता है। मुसलमानों ने इस प्रदर्शन से यह दिखा दिया है कि वो खामोश नहीं है। अपने पैगंबरे इस्लाम के लिए चुप नहीं बैठेगा।