यूएई ने रचा इतिहास : चुनी गयी पहली महिला अंतरिक्ष यात्री

नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात ने अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए शनिवार को अगले दो अंतरिक्ष यात्रियों के नाम की घोषणा कर दी है। जिसमें देश की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री का नाम भी शामिल है। यूएई समेत अरब देशों के इतिहास में यह पहला मौका है जब कि किसी अंतरिक्ष यात्री के रूप में किसी महिला को चुना गया है। दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने ट्विटर पर दोनों अंतरिक्ष यात्रियों के नामों की घोषणा की। ट्वीट करते हुए उऩ्होंने कहा कि नूरा अल मातुशी यूएई की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री होंगी। उन्होंने अपने ट्वीट पर लिखा है कि नूरा अल मातुशी और मोहम्मद अल मुल्ला को 4 हजार कैंडिडेट्स के बीच से चुनाव गया है। वहीं, एमबीआर स्पेस सेंटर की ओर से भी एक वीडियो जारी किया गया है। जिसमें बताया गया है कि नूरा अल मातुशी का जन्म सन 1993 में हुआ है। वो अबू धाबी स्थित राष्ट्रीय पेट्रोलियम निर्माण कंपनी में एक इंजीनियर के रूप में सेवारत हैं। वहीं, अल मुल्ला का जन्म 1988 में हुआ है और वो वर्तमान में दुबई पुलिस के साथ पायलट के रूप में काम करते हैं और ट्रेनिंग डिपार्टमेंट के प्रमुख भी हैं।