प्रिंस फिलिप के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे हैरी

लंदन। प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल के विस्फोटक साक्षात्कार के बाद ब्रिटेन के शाही परिवार में अनबन की अटकलों को विराम देते हुए ड्यूक ऑफ ससेक्स ने अपने दादा प्रिंस फिलिप के अंतिम संस्कार में शामिल होने की इच्छा जताई है। कोरोना वायरस संबंधी प्रतिबंधों के बावजूद प्रिंस हैरी कैलिफोर्निया से ब्रिटेन की उड़ान भर सकते हैं। मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी सामने आई है। इसके मुताबिक, हैरी अपने दादा प्रिंस फिलिप के बेहद करीब थे और वह उनके अंतिम संस्कार के वक्त अपनी दादी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ रहना चाहते हैं। ‘द डेली टेलीग्राफ’ ने एक सूत्र के हवाले से कहा कि हैरी के साथ उनकी पत्नी मेगन के जाने की उम्मीद नहीं है क्योंकि वह गर्भवती हैं।