नाकामी छिपाने में लगा लखनऊ नगर निगम

लखनऊ। राजधानी के स्थानीय प्रशासन की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। कोरोना से राजधानी में मौतों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है उसको रोकने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के बजाये राजधानी का नगर निगम और जिला प्रशासन शमशान घाट को ढक़ने में लगा जिससे उसकी नाकामी छिप सके। नगर निगम मौत के आंकड़ों को छुपाने की तैयारी में जुट गया है। स्थानीय शमशान घाट बैकुंठ धाम को नगर निगम कवर कर रहा है जिससे लोग वीडियो आदि बनाने में असमर्थ हो जाये और उसकी नाकामी छिप सके। धाम को सडक़ की ओर से कवर किया जा रहा है। मालूम हो कि जलती चिताओं का वीडियो वायरल हुआ था जिसके नगर निगम के हाथ पांव फूल गये थे। अब कवर होने के बाद बाहर से लोग अंतिम संस्कार नहीं देख पाएंगे और ना ही वीडियो बना पायेंगे।