होटल में मौज कर रही है कथित देवी राधे मां

Shri Radhe Maaji 1
मुम्बई। लुकआउट नोटिस के बाद गायब हुई सुखविंदर कौर उर्फ राधे मां महाराष्ट्र के औरंगाबाद में मिली है। जानकारी के मुताबिक राधे मां औरंगाबाद के होटल मीडोज में रूकी हुई है। राधे मां जगुआर कार से औरंगाबाद पहुंची थी। औरंगाबाद पुलिस ने राधे मां से पूछताछ भी की है।
औरंगाबाद पुलिस ने मुंबई पुलिस को इस संबंध में जानकारी दी। मुंबई पुलिस ने कहा कि राधे मां वॉन्टेड नहीं है। इसके बाद औरंगाबाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई नहीं की। मुंबई की एक महिला ने राधे मां पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। साथ ही एक महिला वकील ने भी अंबोली पुलिस स्टेशन में अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करायी है। महिला वकील ने कहा कि लोगों को बेवकूफ बनाकर राधे मां ने अरबों रूपए की संपत्ति एकत्रित कर ली है। संत समाज भी राधे मां के खिलाफ हो गया है। द्वारकापीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने मांग की है कि राधे मां को नासिक के कुंभ में शामिल नहीं होने दिया जाए। मीडिया से बातचीत में शंकराचार्य ने कहा, राधे मां को शाही स्नान में हिस्सा लेने का कोई अधिकार नहीं है। राधे मां को आम श्रद्धालुओं की तरह स्नान करना चाहिए।