यूपी के विधानमंडल में बनेगा कोरोना कंट्रोल रूम

लखनऊ। यूपी के विधानमण्डल में कोरोना महामारी के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा और यहां से केन्द्र से संबंधित विषयों को लोकसभा कंट्रोल रूम तक पहुंचाया जाएगा। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राज्य व जिले स्तर पर कन्ट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विधान सभा सचिवालय स्तर पर पहले कन्ट्रोल रूप स्थापित था। इसे दोबारा चालू किया जाएगा।
लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी विधानमंडल में कोरोना महामारी के लिए कंट्रोलरूम बनाने के निर्देश दिए हैं। इससे लोकसभा व विधानमण्डलों का साझा तंत्र स्थापित होगा। ये निर्देश उन्होंने कोरोना की वर्तमान स्थिति व जनप्रतिनिधियों की भूमिका और दायित्व विषय पर सभी प्रदेश की विधानसभाओं के पीठासीन अधिकारियों व संसदीय कार्य मंत्रियों की वर्चुअल बैठक में दिए।
श्री दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यूपी में हम कोरोना से लड़ाई लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री रोज सुबह आठ से रात 11 बजे तक बैठक कर रहे हैं। सुबह की बैठक की शाम को समीक्षा करते हैं। खुद कोरोना संक्रमित होने के बाद भी वह काम कर रहे हैं। उप्र में कोरोना के बीच में दो सत्र हुए। यह बड़ी चुनौती थी। किसी भी राज्य में इसके पहले सदन की बैठक नहीं हुई थी। सभी सदस्यों ने इस संघर्ष में जुटकर काम किया है। अपना वेतन व एक-एक साल की विधायक निधि भी दी।