प्रवासियों का पलायन: आनंद विहार में रेला

नई दिल्ली। दिल्ली से एक बार फिर लोगों का पलायन शुरू हो गया है। लॉकडाउन की घोषणा के तुरंत बाद प्रवासी मजदूरों ने राजधानी से फिर बोरिया बिस्तर समेटकर अपने घरों की ओर पलायन शुरू कर दिया है। आनंद विहार बस टर्मिनल पर हजारों लोग पहुंच गए हैं। हर कोई जल्द से जल्द बस लेकर अपने घर पहुंच जाना चाहता है।
पिछले साल भी लॉकडाउन के बाद दिल्ली से मजदूरों का इसी तरह पलायन हुआ था। उस समय ट्रेन और बसें बंद होने की वजह से लाखों प्रवासी मजदूर पदल ही अपने गांवों की ओर निकल गए थे। भूख-प्यासे मजदूरों ने हजारों किलोमीटर की दूरी तय की थी तो कई रास्ते में ही हादसों के शिकार हो गए। शहरों को छोडक़र चले गए मजदूर लॉकडाउन के बाद दोबारा रोजगार की तलाश में शहरों में लौटने को मजबूर हुए, लेकिन एक बार फिर लॉकडाउन के ऐलान से पिछले साल की तरह पलायन शुरू हो गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में एक हफ्ते की लॉकडाउन की घोषणा करते हुए प्रवासी लोगों से दिल्ली नहीं छोडक़र जाने की अपील की और कहा ‘मैं हूं ना’, लेकिन उसके बाद भी यहां आनंद विहार आईएसबीटी पर हजारों लोगों को अपने घर रवाना होने के लिए बस पाने की कोशिश करते देखा गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आनंद विहार पर आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन पर हजारों लोग पहुंच गए और यह संख्या बढ़ती जा रही है। इससे पहले केजरीवाल ने दिन में लॉकडाउन की घोषणा करते हुए राजधानी में रहने वाले बाहरी कामगारों से अपील की थी कि यह लॉकडाउन छोटा रहने की उम्मीद है, इसलिए वे दिल्ली छोडक़र नहीं जाएं।