आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक शादी समारोह में पूड़ी बेलने गई महिला के साथ हलवाई और उसके चार साथियों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। आरोपी रेप के बाद महिला को सडक़ पर गंभीर हालत में फेंककर भाग गए। पीडि़ता ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पीडि़ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में महिला के पति ने दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं सूचना पर एसएसपी भी फोर्स के साथ मौके पर मैरिज होम पहुंचे।
थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र की रहने वाली एक महिला शादी समारोह में हलवाई के साथ पूड़ी बेलने का काम करती है। रविवार रात को वह बरहन, आंवलखेड़ा क्षेत्र के एक मैरिज होम में अपनी साथी महिलाओं को साथ लेकर हलवाई के बुलाने पर काम करने गई थी। आरोप है कि देर रात हलवाई प्रेम सिंह और उसका साथी काका उसे किसी काम के बहाने मैरिज होम के रेस्ट रूम में ले गए। कमरे में तीन लोग पहले से मौजूद थे। पांचों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद प्रेम सिंह, काका और उनके तीन साथियों ने उसके साथ रेप किया। घटना के बाद वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में आरोपी महिला को आंवलखेड़ा चौराहा पर सडक़ पर फेंककर भाग गए। तडक़े होश में आने पर महिला पुलिस चौकी पर पहुंची, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। कुछ देर बाद वहां ग्रामीण आ गए। इसी के बाद कंट्रोल रूम में घटना की सूचना दी गई।
आगरा में महिला के साथ गैंगरेप: सडक़ पर फेंका
