डेस्क। हरियाणा सरकार ने कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए आज रात से गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत राज्य के नौ जिलों में वीकेंड लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। जिन जिलों में वीकेंड लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया है उनमें- पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद शामिल हैं। वीकेंड लॉकडाउन आज रात 10 बजे से 3 मई को सुबह 5 बजे से तक लागू रहेगा।
हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश में सभी लोगों से लॉकडाउन का पालन करने और घरों में रहने की अपील की गई है। लॉकडाउन की अवधि में बिना वजह लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी। हालांकि इस दौरान कानून-व्यवस्था, इमरजेंसी सेवाओं, नगर निगम कर्मियों, वर्दीधारी केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली, अग्निशमन, मीडिया कर्मियों और कोविड ड्यूटी से जुड़े लोगों के साथ ही अन्य जरूरी सेवाओं में लगे सभी सरकारी और निजी कर्मचारियों को छूट रहेगी। लॉकडाउन के दौरान इन सभी को अपने आईडी कार्ड साथ रखने होंगे।
हरियाणा के 9 जिलों में वीकेंड लॉकडाउन का एलान
