चक्रवात को लेकर गुजरात सहित कई राज्यों में अलर्ट

डेस्क। चक्रवाती तूफान तौकाते के जोर पकडऩे की आशंका बढ़ती जा रही है और अगले 48 घंटों में ये भारी तबाही मचा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 और 18 मई को गुजरात के तटवर्ती इलाकों में भारी बारिश होगी। तूफान के तट पर टकराने के वक्त हवाओं की गति 155 से 165 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। आसपास के इलाकों में 145 किमी प्रति घंटे की गति से चलनेवाली हवाओं का असर देखा जा सकता है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात ‘टाक्टे’ एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है और वह गुजरात तट की ओर बढ़ रहा है। इंडियन कोस्ट गार्ड ने भी गुजरात के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है और जो गये हैं, उन्हें फौरन किसी भी तट पर वापस लौटने को कहा है। आईएमडी ने गुजरात तथा दमन एवं दीव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को ही इसके मुंबई से भी गुजरने की आशंका है। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर के मुताबिक प्रशासन इस पर कड़ी नजर रखे हुए है। समुद्र में लाइफगार्ड की टीम तैनात कर दी गई है, सभी बड़े पेड़ों को पहले ही छांट दिया गया है और पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है। उन्होंने बताया कि तूफान को देखते हुए सोमवार को टीकाकरण भी नहीं होगा। इसे अगले दिन से फिर शुरु किया जाएगा।