उत्तर रेलवे में खत्म होंगे 2350 पद: बोर्ड ने बताया गैरजरूरी

डेस्क। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल समेत अन्य जगहों पर गैर जरूरी 2350 पद खत्म किए जाएंगे। रेलवे बोर्ड द्वारा दिल्ली मंडल में प्राप्त दिशा-निर्देशों के मुताबिक उन पदों की पहचान करनी है जिनकी अब जरूरत नहीं रह गई है। एक वर्ष के अंदर यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पूरे देश में कुल 13450 ऐसे पदों को खत्म करने का लक्ष्य है। वहीं, रेलवे कर्मचारियों की अलग-अलग यूनियनों ने इसका विरोध जताया है।बता दें कि उत्तर रेलवे में दिल्ली अंबाला, फिरोजपुर, लखनऊ और मुरादाबाद पांच मंडल आते हैं। इन पांच जगहों से यह दो हजार से अधिक पद खत्म किए जानें हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक बोर्ड पिछले कुछ वर्षो में तकनीक का प्रयोग बढ़ा है। सभी विभागों में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से कई पद अब गैर जरूरी हो गए हैं। इन पदों की पहचान करने की जरूरत है। इसे ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक तरीके से पदों की समीक्षा होनी चाहिए जिससे कि मानव संसाधन का सदुपयोग हो सके। वहीं, रेलवे कर्मचारी यूनियन के मुताबिक 55 वर्ष की उम्र या 30 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों की कार्यक्षमता की समीक्षा के बाद अब यह फरमान जारी किया गया है। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) के अध्यक्ष एसएन मलिक ने कहा कि संरक्षा वर्ग के सवा दो लाख पदों को शीघ्र भरने के बजाय हजारों पद खत्म करना अनुचित है।