बारिश से बेहाल मुंबई : 3 की मौत, 7 लोग घायल

मुंबई। भारी बारिश की वजह से बेहाल महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बड़ा हादसा हुआ है। मुंबई के गोवंदी इलाके में एक इमारत के ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई है। इमारत गिरने की इस घटना में सात लोग घायल भी हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। महानगरपालिका के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब पांच बजे बॉम्बे सिटी हॉस्पिटल के पास प्लॉट संख्या तीन पर हुई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारी ने बताया कि दमकल की सात गाडिय़ां और दमकल की एक बचाव वैन और पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अन्य एजेंसी के कर्मी मौके पर पहुंचे तथा तलाश एवं बचाव अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि घटना में 10 लोग घायल हो गए। साथ ही बताया कि उनमें से सात को घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया जबकि तीन अन्य को सायन में लोकमान्य तिलक मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।