महाराष्ट्र में बारिश का कहर जारी : 1.35 लाख ने छोड़ा घर

मुंबई। महाराष्ट्र में भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से अब तक करीब 112 लोगों की मौत हो चुकी है, जब 99 अब भी लापता हैं। राहत और पुनर्वास विभाग विभाग ने शनिवार रात को यह जानकारी देते हुए कहा कि मलबे से लोगों को निकालने का काम लगातार जारी है। राज्य सरकार के आकंड़ों के मुताबिक, अब तक करीब 1 लाख 35 हजार लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकाला गया है। राहत और पुनर्वास विभाग ने कहा, ”24 जुलाई रात 9:30 बजे तक 1.35 लाख लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकाला गया है। 112 लोगों की जान जा चुकी है तो 3221 पशुओं की भी मौत हो चुकी है। 53 लोग घायल हुए हैं तो 99 अब भी लापता हैं।” सांगली और रायगढ़ जैसे जिलों में बारिश और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। सांगली जिले में कई इलाके पूरी तरह डूब चुके हैं। सडक़ें और खेत सब जगह सिर्फ पानी ही पानी है। स्थानीय लोग हालात पर नजर रख रहे हैं और जलस्तर बढऩे पर लोगों को अलर्ट करते हैं।