ओवैसी से गठबंधन से बीएसपी का इंकार

प्रयागराज। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में शामिल होने प्रयागराज पहुंचे बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि यूपी के चुनाव में बसपा किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने छोटे और बड़े सभी दलों से गठबंधन की बात को खारिज कर दिया। खासकर असदउ्दीन ओवैसी की पार्टी संग मिलकर लडऩे की बात को सिरे से नकार दिया। कहा कि सब जानते हैं कि ओवैसी यूपी में किसके कहने पर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा का गठबंधन का अनुभव काफी खराब रहा है। सपा से समझौते की बात को पार्टी याद भी नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि बीएसपी ने 2007 में अकेले चुनाव लडक़र सरकार बनाई थी। सतीश मिश्र ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला। प्रयागराज के एक होटल में आयोजित सम्मेलन में सतीश मिश्र ने कहा बसपा का गठबंधन जनता के साथ हो गया है। ब्राह्मण समाज एकजुट होकर बसपा के साथ खड़ा है। हंडिया विधानसभा के सैदाबाद में सम्मेलन करने के बाद सतीश चंद्र मिश्र ने शहर में चुनावी बिगुल फूंका। यहां भी उनके निशाने पर भाजपा और सपा ही रही। उन्होंने श्रीराम की ठेकेदारी पर भाजपा को घेरते हुए यूपी में जंगलराज होने की बात कही। कहा कि इस सरकार में ब्राह्म्ण, मजदूर, किसान, व्यापारी सभी वर्ग के लोग परेशान हैं। प्रदेशभर के 450 संस्कृत विद्यालय-महाविद्यालय बंद हो चुके हैं। प्रयागराज में ही 19 विद्यालयों में ताला लग चुका है। इसकी वजह यह है कि शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई। ऐसे में विद्यार्थियों की संख्या शून्य हो गई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने संस्कृत और सनातम धर्म को भी नुकसान पहुंचाया है। सभी संस्कृत विद्यालयों में वेद आदि की शिक्षा बंद कर कम्प्यूटर, अंग्रेजी व अन्य आधुनिक शिक्षा शुरू कर दी गई। इससे सनातन ज्ञान लुप्त हो जाएगा। कह सकते हैं कि वेद पुराण को सिखाने से रोका जा रहा है। इससे पूर्व संजय गोस्वामी ने बसपा के राष्ट्रीय महासचिव को बाबा विश्वनाथ की तस्वीर और त्रिशूल भेंट किया।